पत्रकार और RSS नेता की हत्या कांड का शीघ्र होगा खुलासा :महेन्द्र नाथ पांडेय
गाजीपुर,22 अक्टूबर (एएनएस)। आरएसएस कार्यकर्ता व पत्रकार राजेश मिश्रा की शनिवार को हुई हत्या के बाद अब कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगा है कि केन्द्र व प्रदेश दोनो स्थानों पर भाजपा की सरकार के बावजूद भी आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या शासन प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गयी है।
हत्याकांड की जानकारी होते ही भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी ,केन्द्रीय मंत्री मनोज सिन्हा, एम एल सी विकास सिंह चंचल, विधायक संंगीता बलवंत मौके पर पहुंचे, वहीं देर रात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. महेन्द्र नाथ पांडेय ने मृतक के पैतृक गांव पहुंचकर पारिवारिक जनों से मिलकर धाड़स बंधाया |
उन्होने कहा कि हत्यारे जल्द से जल्द पुलिस के गिरफ्त में होंगे। उल्लेखनीय है कि आरएसएस कार्यकर्ता व पत्रकार राजेश मिश्रा की शनिवार की सुबह बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के चंद घंटों बाद जहां भारी संख्या में पुलिस व स्थानीय नेता, जनप्रतिनिधि राजेश मिश्र के गांव जा पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान भाजयुमो प्रदेश महामंत्री योगेश सिंह, कृष्ण बिहारी राय, सुनील सिंह, जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह, विनोद अग्रवाल सहित भाजपा के तमाम नेता, कार्यकर्ता, पुलिस व एसटीएफ के जवान मौजूद रहे। मृतक के बभनौली गांव पहुंचने से पहले गाजीपुर डाक बंगले पर थोड़ी देर के लिए रूके प्रदेश अध्यक्ष डा. महेन्द्र नाथ पांडेय ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि राजेश मिश्रा भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता होने के साथ-साथ निर्भीक पत्रकार भी थे।
उनके हत्यारे किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे। पुलिस जल्द से जल्द मामले का खुलासा करेगी और साथ ही उन्होंने मृतक के परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने के लिए मुख्यमंत्री से वार्ता करने की भी बात कही। घटना के अनावरण में पुलिस के तेज तर्रार पुलिस अधिकारी के साथ ही साथ यूपी एसटीएफ के लोग भी जुटे हैं ।